राजस्थानी कंदोरा बना नया फैशन ट्रेंड, Royal Twist with Tradition
राजस्थान की पहचान उसके ट्रेडिशनल गहनों और शाही अंदाज़ से हमेशा जुड़ी रही है। यहां के पारंपरिक गहने न सिर्फ भारत में, बल्कि देश-विदेश में भी खूब मशहूर हैं। चाहे फिर वो कुंदन हार हो, पोलकी या भंवरकंडी नथ की बात हो, ये सभी राजस्थानी गहने अपनी खूबसूरती और कारीगरी के लिए पूरी दुनिया में जाने जाते हैं। इन्हीं खास गहनों में से एक है राजस्थानी कंदोरा, जो कमर में पहना जाने वाला ट्रेडिशनल गहना है।
फिर लौटा कंदोरा का ट्रेंड
पहले के समय में कंदोरा ज़्यादातर राजा-महाराजाओं और सामंतों की शान हुआ करता था। यह उनकी खास पोशाक और रॉयल पहचान का हिस्सा माना जाता था। समय के साथ यह गहना महिलाओं के पहनावे में आ गया, लेकिन धीरे-धीरे इसका चलन कम होता चला गया और लोग इसे कम पहनने लगे। लेकिन अब एक बार फिर वही दौर लौट रहा है। आजकल महिलाएं कंदोरा को बड़े शौक से पहन रही हैं और यह गहना फिर से ट्रेंड में आ गया है। खासकर शादी-ब्याह और ट्रेडिशनल मौकों पर कंदोरा पहनना स्टाइल और परंपरा दोनों का खूबसूरत मेल बन गया है।

आज के समय में कंदोरा को पहले के मुकाबले ज्यादा हल्का और आरामदायक बनाया जा रहा है। पहले जहां ये गहने भारी हुआ करते थे, वहीं अब इन्हें हल्के वज़न का बनाया जाने लगा है जिसकी वजह से कोई भी महिला इन्हें आसानी से पहन सकती है। कम वजन होने के कारण ये गहने पहनने में अनकंफर्टेबल भी नहीं लगते।
ट्रेडिशनल लुक बिना किसी परेशानी के
अब आप अपना ट्रेडिशनल लुक बिना किसी परेशानी के, पूरे कंफर्ट के साथ कैरी कर सकती हैं। यही वजह है कि राजस्थानी कंदोरा आज फिर से महिलाओं की पसंद बनता जा रहा है और फैशन के साथ-साथ परंपरा को भी आगे बढ़ा रहा है।

एक समय हुआ करता था जब राजस्थानी कंदोरा सिर्फ चांदी में ही बनाया जाता था। लेकिन जैसे-जैसे समय बदला, वैसे-वैसे इसमें भी कई तरह की वैरायटी जुड़ती चली गई। अब कंदोरा सिर्फ चांदी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह सोने, पीतल और कई तरह के आर्टिफिशियल मटेरियल में भी बनने लगा है।
हर बजट में उपलब्ध, राजस्थानी कंदोरा
आजकल ऐसे कंदोरा भी बनाए जा रहे हैं जो देखने में बिल्कुल असली और ट्रेडिशनल लगते हैं, लेकिन उनकी कीमत काफी किफायती होती है। यही वजह है कि अब यह गहना सिर्फ खास या अमीर लोगों तक सीमित नहीं रहा। अब कोई भी व्यक्ति, चाहे वह अमीर हो या साधारण परिवार से हो, अपनी पसंद और बजट के हिसाब से कंदोरा खरीद सकता है और बड़े आराम से पहन भी सकता है। यही बदलाव इस ट्रेडिशनल गहने को एक बार फिर लोगों के दिलों के करीब ला रहा है।





